क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, तीन लाख रुपये से अधिक की ब्राउन शुगर बरामद; राजस्थान से लाकर शहर में करते थे सप्लाई
इंदौर। इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 36 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर इंदौर पहुंचे हैं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने टीम गठित कर सुपर कॉरिडोर स्थित मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनिया, आकाश और ऋषि नामक तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से 36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजस्थान के प्रतापगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों से ब्राउन शुगर लाकर इंदौर और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
