
मध्यप्रदेश के देवास जिले की बागली विधानसभा से पूर्व भाजपा विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पहाड़सिंह कन्नौजे वर्ष 2018 में बागली विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। वे पुलिस विभाग में डीएसपी पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आए थे। 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं दिया था, लेकिन वे भाजपा संगठन और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे। उनके निधन की खबर से देवास सहित पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
