शिव शक्ति गैस एजेंसी पर पानी भरा सिलेंडर देने का आरोप, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश
इंदौर में स्थित शिव शक्ति गैस एजेंसी पर एक उपभोक्ता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित राजेंद्र कररोले का कहना है कि उन्हें घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की जगह पानी से भरा सिलेंडर दिया गया। उनका दावा है कि यह सिलेंडर पिछले लगभग दो महीने से उपयोग में था, लेकिन गैस जलने के बजाय उसमें से पानी निकलता रहा।राजेंद्र कररोले अपनी शिकायत लेकर सिलेंडर सहित कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों के सामने जब सिलेंडर की जांच की गई, तो उसमें से पानी निकलने का दावा किया गया। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने एजेंसी से कई बार सिलेंडर बदलने की मांग की, लेकिन एजेंसी ने कथित तौर पर अतिरिक्त ₹400–450 जमा करने की बात कही और उनकी लिखित शिकायत लेने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने डाक के माध्यम से शिकायत भेजी। उन्होंने यह भी बताया कि वे उपभोक्ता फोरम पहुंचे थे, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वकील नहीं कर सके।मामले पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि इस शिकायत के साथ-साथ अन्य प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी। यदि किसी एक गैस वितरक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलती हैं, तो उसके विरुद्ध भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।खाद्य विभाग ने मामले में शीघ्र जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
