जनजाति विकास मंच, ब्लॉक सरदारपुर द्वारा गुरुवार को 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 110 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक, छात्रावास अधीक्षक एवं बड़ी संख्या में जनजाति विकास मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जनजाति विकास मंच के प्रांत कार्य प्रमुख कैलाश अमलियार ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा विश्व की सर्वश्रेष्ठ परंपराओं में से एक है। उन्होंने कहा कि विश्व का प्रथम ग्रंथ भारत ने ही दिया है और देश ने अनेक महान वैज्ञानिक, डॉक्टर एवं इंजीनियर दिए हैं, जिन्होंने सदैव राष्ट्र को सर्वोपरि माना। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे श्रेष्ठ भारत के ज्ञान, संस्कृति और संस्कारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।समारोह में जिला पूर्णकालीन रामप्रकाश मचार, जिला अध्यक्ष अरविंद डावर (पूर्व सैनिक), सत्यनारायण मावी, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम परमार, ब्लॉक उपाध्यक्ष अजय मोरी एवं राजेश मेड़ा, विधि प्रमुख राहुल भुरिया, महिला प्रमुख प्रेमलता निनामा, सह महिला प्रमुख दीपिका भुरिया, युवा प्रमुख किशोर सिंगार, सह युवा प्रमुख अजमेर गुंडिया सहित जनजाति विकास मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम में तीन प्रभारी प्राचार्य, 10 छात्रावासों के अधीक्षक, 30 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, 110 मेधावी छात्र-छात्राएं तथा उनके अभिभावकों ने सहभागिता की। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा समाज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना रहा।
