
इंदौर। हीरानगर पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए मूक-बधिर गोविंद यादव को रोजगार का सहारा दिया। बोलने और सुनने में दिक्कत के कारण गोविंद को नौकरी नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में पुलिस ने सुखलिया क्षेत्र में उसके लिए चाय की दुकान खुलवाकर उसे आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।गौरी नगर निवासी गोविंद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। परिवार के सभी सदस्य मूक-बधिर हैं, जिसके चलते परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। गोविंद के रोजगार के लिए पहले पुलिस ने पेट्रोल पंप पर नौकरी दिलाने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी उसे बोलने-सुनने में परेशानी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा।इसके बाद हीरानगर टीआई सुशील पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर गोविंद के लिए चाय की दुकान शुरू करवाने की पहल की। पुलिस ने गुमटी के साथ चाय बनाने और बेचने का जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया।गोविंद की सुरक्षा को देखते हुए बीट पुलिसकर्मियों को दुकान पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई असामाजिक तत्व उसे परेशान न कर सके। क्षेत्रीय पार्षद को भी दुकान की जानकारी दी गई है।दुकान शुरू होने पर गोविंद ने इशारों में पुलिस का आभार जताया। वहीं, थाने का स्टाफ भी उसकी दुकान पर पहुंचा, चाय पी और पैसे देकर उसका हौसला बढ़ाया। हीरानगर पुलिस की यह पहल एक परिवार को रोजगार और सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनाने की मिसाल बन गई।
