इंदौर। मध्यप्रदेश में आज से एनालॉग पनीर के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को गुजरात रवाना होने से पहले खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में इसके संबंध में निर्देश जारी किए।मुख्यमंत्री के आदेश के कुछ देर बाद ही इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। पालदा स्थित उमापति इंडस्ट्रीज पर टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए करीब 450 किलोग्राम लो-फैट पनीर जब्त किया। इसके साथ ही निर्माण कार्य को तत्काल बंद करा दिया गया।सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश में एनालॉग पनीर के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी और कार्रवाई तेज होने की संभावना है। अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है।जरूरी जानकारी: एनालॉग पनीर को लेकर सरकार के प्रतिबंध के बाद उपभोक्ताओं को पनीर खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और लेबल की जांच करने की सलाह दी जाती है।
