इंदौर में बुधवार सुबह करीब 7 बजे एमआर-10 पुल पर चलती बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई। विजय नगर से लवकुश की ओर जा रहे करीब 30 वर्षीय विक्रम यादव ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।विक्रम रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। एमआर-10 पुल पर पहुंचते ही बाइक के इंजन के नीचे से अचानक धुआं निकला और आग भड़क गई। उन्होंने तुरंत बाइक रोककर उतरने की कोशिश की।आग देखकर आसपास से गुजर रहे लोग भी रुक गए। विक्रम ने कपड़े और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। एक बस को रोककर उसमें मौजूद अग्निशमन उपकरण से भी आग बुझाने की कोशिश की गई, इसके बावजूद बाइक पूरी तरह जल गई।बाइक एचएफ डीलक्स बताई जा रही है, जो करीब तीन-चार साल पुरानी है। प्रारंभिक तौर पर पेट्रोल रिसाव को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।आंखों के सामने जल गई बाइकअपनी बाइक को आंखों के सामने जलता देख विक्रम भावुक हो गए। गनीमत रही कि आग लगते ही उन्होंने समय रहते बाइक से उतरकर दूरी बना ली, जिससे उन्हें कोई चोट नहीं आई। बारिश के बाद पुल पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
