Oplus_131072
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर सड़कों पर दिखा देशभक्ति का जोश, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासी हुए शामिल
खबर सत्याग्रह ।इंदौर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को इंदौर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में शहरवासी, विद्यार्थी और सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ सड़कों पर नजर आए।देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर, भंवरकुआं से शुरू हुई यात्रा टंट्या मामा भील चौराहे से होते हुए विष्णुपुरी चौराहा, भोलाराम उस्ताद मार्ग और राजीव गांधी चौराहे से गुजरी। इसके बाद यात्रा वापस भंवरकुआं चौराहे पर पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर युवाओं और शहरवासियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।यात्रा में मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राऊ विधायक मधु वर्मा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक राकेश गोलू शुक्ला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से मार्ग में मंच लगाकर यात्रियों का स्वागत किया गया। इस दौरान तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को भव्य रूप दिया।राऊ विधायक मधु वर्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी के आंदोलन में करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। इसके 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को देशवासियों के लिए सम्मान और राष्ट्रप्रेम से जुड़ा अभियान बताया। इस दौरान हर चेहरे पर उत्साह और हर दिल में देशभक्ति की भावना दिखाई दी।
