खबर सत्याग्रह | इंदौरइंदौर में लॉ स्टूडेंट अभिलाष पाठक ने नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों पर रोककर अभद्रता करने, पैसों की मांग करने और विरोध करने पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। अभिलाष के मुताबिक घटना 20 अगस्त की रात करीब एक बजे की है। वह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था, तभी नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने उन्हें रोक लिया।अभिलाष का आरोप है कि रोकने के बाद उनसे अभद्रता की गई और पैसों की मांग की गई। पैसे देने से इनकार करने पर जब उसने पीसीआर को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला, तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। छात्र का आरोप है कि नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने करीब 10 से 15 मिनट तक उसे सड़क पर गिराकर पाइप और डंडों से पीटा। इसके बाद मौके पर पीसीआर पहुंची।छात्र ने आरोप लगाया कि पीसीआर के चालक ने भी उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे और उसके दोस्तों को थाने ले जाया गया। अभिलाष का यह भी आरोप है कि उसकी बात सुने बिना ही पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर तक पहुंचने के बाद इसे गंभीरता से लिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
