झांसी/मऊरानीपुर। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विक्रमपुरा और छिरोरा गांव में लगातार आ रहे पानी से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। दोनों गांवों की आबादी करीब 3 हजार बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के आसपास स्थित तालाब भर चुके हैं और पानी लगातार गांव की ओर बढ़ रहा है।स्थिति इतनी गंभीर है कि गांव से बाहर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान स्थिति में किसी भी व्यक्ति के लिए गांव से बाहर निकलना संभव नहीं है। सामने आए फोटो और वीडियो में गांव के रास्तों पर काफी पानी भरा दिखाई दे रहा है। कई ग्रामीण पानी के बीच से गुजरते नजर आ रहे हैं, जबकि एक वाहन भी पानी में फंसा हुआ दिखाई दे रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, पानी लगातार बढ़ रहा है। गांव को पानी से बचाने के लिए तालाब के आसपास मिट्टी और रेत से भरी बोरियों के जरिए अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने का प्रयास किया गया है। लेकिन पानी का बहाव बढ़ने पर इन बोरियों के भी बह जाने की आशंका ग्रामीणों ने जताई है। ग्रामीणों को डर है कि यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो दोनों गांवों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी इस स्थिति के बावजूद अब तक कोई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने नहीं आया है। मऊरानीपुर विधानसभा की विधायक श्रीमती रश्मि पप्पू सेठ के गांव नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि सांसद अनुराग शर्मा को जानकारी होने के बावजूद उन्हें अब तक कोई आश्वासन नहीं मिला है।फिलहाल विक्रमपुरा और छिरोरा गांव का बाहर से संपर्क कट चुका है। लगातार बढ़ते पानी के बीच करीब 3 हजार की आबादी के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और पानी बढ़ने की स्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी का बढ़ना जारी रहा तो गांव में हालात और बिगड़ सकते हैं और बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है।
