Oplus_131072
ब्यावरा। राजगढ़ जिले के ब्यावरा-इंदौर बायपास पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। भोपाल बायपास के घुमावदार ट्राएंगल ब्रिज पर बस अनियंत्रित होकर सेफ्टी वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कुछ यात्री खिड़कियों से बाहर निकलकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरे।हादसे में कम से कम चार यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में बेंगलुरु के साइबर टीआई के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस लखनऊ से उज्जैन/इंदौर की ओर जा रही थी। ब्रिज के खतरनाक घुमाव पर बस के अनियंत्रित होने के बाद यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए ब्यावरा सिविल अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अंतिम आधिकारिक आंकड़े का इंतजार है।
