खबर सत्याग्रह | इंदौर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर इंदौर के राजवाड़ा स्थित ऐतिहासिक गोपाल मंदिर में भक्ति और आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा।जन्माष्टमी के अवसर पर गोपाल मंदिर को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जैसे-जैसे रात बढ़ी, मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ और उत्साह भी बढ़ता गया।रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण के दर्शन किए और जन्मोत्सव के इस पावन अवसर का हिस्सा बने। इस दौरान भक्तों में खासा उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इंदौर पुलिस और मंदिर समिति की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा के साथ-साथ दर्शन व्यवस्था को लेकर किए गए इंतजामों के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से भगवान के दर्शन किए।सुबह से लेकर देर रात तक गोपाल मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। मंदिर परिसर में कहीं भगवान के जयकारे गूंजते नजर आए तो कहीं श्रद्धालु हाथ जोड़कर कृष्ण भक्ति में लीन दिखाई दिए। जन्माष्टमी पर राजवाड़ा का गोपाल मंदिर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया।
