भाई पर कमेंट से भड़की जेठानी, देवरानी की हत्या कर हौज में फेंका शव
इंदौर। राऊ थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में रक्षाबंधन के दिन नवविवाहिता वंदना कुशवाह की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए उसकी जेठानी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि महज करीब 25 दिन पहले ही वंदना ने उपेंद्र पटेल से प्रेम विवाह किया था।पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन परिवार में विवाद के दौरान वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर कथित तौर पर कोई कमेंट किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पार्वती ने कथित तौर पर चाकू से वंदना की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।वारदात के बाद आरोपी ने वंदना के शव को घर के बाहर बने पानी के हौज में डाल दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद राऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी जेठानी तक पहुंची।पूछताछ में पुलिस के सामने हत्या की वजह और वारदात का घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने आरोपी पार्वती बाई को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
