
इंदौर। अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत की 470 पेटी अवैध शराब जब्त की है। कनाड़िया से बिचौली हप्सी के बीच सर्विस रोड पर संदिग्ध हालत में खड़े आयशर कंटेनर की तलाशी लेने पर यह शराब बरामद हुई।आबकारी टीम ने कंटेनर से मैकडोवेल्स नंबर वन व्हिस्की की 250 पेटियां और ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 220 पेटियां बरामद कीं। कुल शराब की मात्रा करीब 4,151 बल्क लीटर बताई गई है।जब्त शराब की बोतलों पर “FOR SALE IN CHANDIGARH ONLY” लिखा मिला। इससे शराब की अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका जताई जा रही है। मामले में महेंद्रगढ़, हरियाणा निवासी आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।आबकारी विभाग अब शराब के स्रोत, परिवहन मार्ग, गंतव्य और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहा है। मामले की जांच जारी है।
