Oplus_131072
भावनगर। गुजरात के भावनगर में लिव-इन पार्टनर द्वारा एक महिला की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान काजल बारैया के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान फैजल उर्फ खाटकी के रूप में बताई गई है। घटना भावनगर के मुख्य एसटी बस स्टैंड परिसर की है और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।पुलिस के अनुसार, काजल और फैजल करीब सात वर्षों से साथ रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैजल को काजल के अपने परिचित रवि के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि फैजल ने काजल और बीच-बचाव करने आए रवि के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल काजल को 108 एंबुलेंस से सर टी. अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद नीलमबाग पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया और फैजल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।घटना का सीसीटीवी सामने आने के बाद बस स्टैंड पर मौजूद लोगों की भूमिका और उस समय तत्काल मदद नहीं मिलने को लेकर भी सवाल उठ रहे है।
