Oplus_131072
इंदौर। शहरवासियों के लिए रविवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। इंदौर मेट्रो की सेवा अब गांधी नगर से बढ़कर रेडिसन होटल चौराहे तक पहुंच गई है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 17.5 किलोमीटर लंबे विस्तारित कॉरिडोर का शुभारंभ किया। इसके साथ ही इंदौर में मेट्रो का परिचालन करीब तीन गुना नेटवर्क पर शुरू हो गया है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर मेट्रो का नेटवर्क आने वाले समय में लगातार बढ़ता जाएगा और इससे इंदौर के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो के साथ इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन समेत प्रदेश में चल रही अन्य रेल परियोजनाएं मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देंगी।सुबह 9 से शाम 7 बजे तक चलेगी मेट्रोगांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन होटल चौराहा) तक व्यावसायिक मेट्रो सेवा 6 सितंबर से आम यात्रियों के लिए शुरू हो गई है। मेट्रो सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी और प्रतिदिन 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे। प्रत्येक स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव करीब 30 सेकंड का होगा।16 स्टेशनों से जुड़ेगा शहर17.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर पर कुल 16 स्टेशन बनाए गए हैं। यह लाइन गांधी नगर से शुरू होकर सुपर कॉरिडोर, एमआर-10, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा, हीरा नगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन और विजय नगर होते हुए रेडिसन चौराहे तक पहुंचेगी।इससे पहले गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 के बीच केवल 6.3 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो का संचालन हो रहा था। नए विस्तार के बाद इसका परिचालन नेटवर्क करीब तीन गुना हो गया है।डिजिटल टिकटिंग के साथ कई सुविधाएंमेट्रो ट्रेनें पूरी तरह वातानुकूलित हैं। स्टेशनों पर सीसीटीवी, एस्केलेटर, लिफ्ट, डिजिटल सूचना प्रणाली सहित दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्री मोबाइल ऐप, यूपीआई और क्यूआर कोड के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए रिटर्न टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट का प्रावधान भी किया गया है।न्यूनतम किराया 20 रुपयेइंदौर मेट्रो का किराया 4.50 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। न्यूनतम किराया 20 रुपये रखा गया है। दिए गए विवरण के अनुसार, भोपाल के बाद इंदौर देश का ऐसा शहर है जहां मेट्रो का किराया अपेक्षाकृत अधिक है।एयरपोर्ट और खजराना तक विस्तार की तैयारीमेट्रो को आगे खजराना और एयरपोर्ट तक पहुंचाने की दिशा में भी काम तेज कर दिया गया है। रेडिसन चौराहे से खजराना चौराहे की ओर मेट्रो लाइन का निर्माण जारी है। वहीं एयरपोर्ट और खजराना चौराहे के आसपास प्रस्तावित भूमिगत मेट्रो कॉरिडोर के लिए खुदाई का काम भी शुरू हो चुका है।
