
इंदौर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि का परचम लहराया है। केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को सबसे अधिक ऋण उपलब्ध कराने के मामले में इंदौर ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में भारत सरकार की ओर से इंदौर को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया।नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर की ओर से महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पीएम स्वनिधि योजना के विभाग प्रभारी मनीष शर्मा (मामा), नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल और राजवीर धाकड़ उपस्थित रहे। सभी ने शहर की इस राष्ट्रीय उपलब्धि में नगर निगम की ओर से सहभागिता की और सम्मान प्राप्त किया।नगर निगम द्वारा पीएम स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। निगम स्तर पर विशेष अभियान चलाकर जरूरतमंद लोगों को योजना से जोड़ने और ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सहायता की गई। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप ऋण वितरण के मामले में इंदौर ने देश के अन्य शहरों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।पीएम स्वनिधि योजना का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी संचालकों, ठेला व्यवसायियों और छोटे दुकानदारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आसान प्रक्रिया के माध्यम से ऋण दिया जाता है, जिससे वे अपना कारोबार दोबारा शुरू करने, व्यापार को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकें।गौरतलब है कि इंदौर स्वच्छता सहित कई क्षेत्रों में पहले ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। अब पीएम स्वनिधि योजना में देश में पहला स्थान हासिल करना शहर के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे नगर निगम के प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
