इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी भईयू उर्फ शमशेर खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी रतलाम जिले के पीपलौदा थाना क्षेत्र का निवासी है और पेशे से ट्रक ड्राइवर है। वह 159 ग्राम MD ड्रग्स और 990 ग्राम डोडाचूरा की तस्करी के मामले में फरार था। दरअसल, 2 मई को पुलिस ने नावेद खान और महिला आरोपी मुमताज से MD ड्रग्स और डोडाचूरा की खेप बरामद की थी। मामले की बैकवर्ड ट्रेसिंग में शमशेर खान का नाम सामने आया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/29 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस उससे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
