इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में कमजोर प्रदर्शन और खराब रैंकिंग को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। पंढरीनाथ थाना प्रभारी सतीश पटेल को पद से हटाकर डीसीपी कार्यालय अटैच कर दिया गया है। लगातार कमजोर रैंकिंग, अपराधों के निराकरण में देरी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी को कार्रवाई की वजह बताया जा रहा है। उनकी जगह क्राइम ब्रांच में पदस्थ निरीक्षक रामकुमार सिंह रघुवंशी को पंढरीनाथ थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने यह निर्णय लिया है।वहीं, अक्टूबर माह की एसीपी रैंकिंग में गांधी नगर की निधि सक्सेना ने पहला, अन्नपूर्णा के शिवेंदु जोशी ने दूसरा और हीरानगर की रुबिना मिजवानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। दूसरी ओर संयोगितागंज की एसीपी नीति दंडोतिया रैंकिंग में आखिरी पायदान पर रहीं। इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नरेट में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब खराब प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है।
