ट्रक चालकों की खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो वायरल, परिवार हादसे से बाल-बाल बचा
शाजापुर से मक्सी टोल के बीच सड़क पर ट्रकों की कथित खतरनाक और लापरवाह ड्राइविंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो साझा करने वाले एक जागरूक नागरिक का दावा है कि परिवार के साथ इंदौर जाते समय उनकी आंखों के सामने कुछ ट्रक चालक सड़क पर बेहद खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे।
नागरिक के मुताबिक, इस दौरान कई लोग दुर्घटना की चपेट में आने से बचे और उनका परिवार भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा। सवाल यह है कि आखिर भारी वाहन चलाने वाले कुछ चालक सड़क को अपनी जागीर समझकर दूसरों की जिंदगी से खिलवाड़ कब तक करते रहेंगे?
भारी वाहन की एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी तबाह कर सकती है। सड़क पर स्टंटनुमा और बेलगाम ड्राइविंग सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि सीधे-सीधे लोगों की जान को खतरे में डालने वाला व्यवहार है।
वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल शाजापुर पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी उठ रहे हैं—क्या जिम्मेदार विभाग ऐसे वाहन चालकों पर नजर रख रहा है? क्या इस मार्ग पर नियमित जांच और कार्रवाई हो रही है?
जागरूक नागरिक ने वीडियो को अधिक से अधिक शेयर करने की अपील की है, ताकि मामला शाजापुर के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचे और सड़क पर इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
