जर्जर बिल्डिंग तोड़ते समय हुआ हादसा, मलबे में दबे लोगों को रेस्क्यू टीम ने निकाला; नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप
इंदौर के सांवेर में बुधवार शाम करीब 4 बजे जर्जर मकान तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टशन चौराहे के पास जर्जर मकान की दीवार गिरने से चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में चंदा बाई, सीमा बाई, सुशीला बाई और रीना बाई शामिल हैं। सभी मृतक मजदूर बताई जा रही हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर परिषद और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
जर्जर मकान तोड़ते समय गिरी पड़ोसी मकान की दीवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टशन चौराहे के पास एक जर्जर मकान को तोड़ा जा रहा था। स्थानीय लोगों के बीच यह बिल्डिंग ‘नेताजी’ के नाम से प्रसिद्ध बताई जा रही है। मकान तोड़ने के दौरान पास स्थित दूसरे पुराने और जर्जर मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसके नीचे मजदूर दब गए।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
एक महीने पहले गिरा था मकान का छज्जा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस मकान को तोड़ा जा रहा था, उसका छज्जा करीब एक महीने पहले ही गिर चुका था। इसके बाद नगर परिषद को इसकी जानकारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि मकान मालिक दिनेश जैन को मकान खाली करने का नोटिस भी दिया गया था।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सांवेर नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हादसे के समय मकान मालिक दिनेश जैन ठेकेदार के साथ मौके पर मौजूद बताया जा रहा है। दिनेश जैन का ‘जैन बस’ नाम से ट्रांसपोर्ट कारोबार है।
एसडीओपी ने की पुष्टि
सांवेर एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस और नगर परिषद की टीम शाम सवा छह बजे तक मौके पर मलबा हटाकर राहत कार्य में जुटी रही। घटनास्थल पर जमा लोगों को भी पुलिस ने हटाया।
शुरुआत में एक नाबालिग की मौत की सूचना भी सामने आई थी, हालांकि बाद में एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे ने चार महिलाओं की मौत की पुष्टि की। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है।
नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी और उपलब्ध आधिकारिक पुष्टि के आधार पर तैयार की गई है। मृतकों एवं घायलों की संख्या में बदलाव संभव है। पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार खबर को अपडेट किया जाएगा।
