इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में मोमोज दुकान संचालक और उसके दोस्त के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने चाकू से हमला करने के साथ ही दुकानदार पर गर्म तेल फेंककर उसे घायल कर दिया। मामले में हीरानगर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार घटना 16 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। फरियादी अपनी मोमोज की दुकान पर ग्राहकों को सामान बेच रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक दुकान पर पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपयों की मांग करने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर फरियादी के दोस्त के बाएं हाथ की कोहनी के नीचे हमला कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी ने उसकी बाईं जांघ के पीछे चाकू से वार किया। हमले में घायल युवक के शरीर से खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने मोमोज तलने के लिए रखी गर्म तेल की कढ़ाई फेंक दी। गर्म तेल दुकानदार की पीठ, कंधे और दोनों हाथों पर गिर गया, जिससे वह झुलसकर घायल हो गया।घटना की शिकायत मिलने के बाद हीरानगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।दो बालिग आरोपियों के नाम सार्वजनिकपुलिस ने मामले में अमन गेले (25), निवासी फिरोज गांधी नगर, परदेशीपुरा और शुभम (25), निवासी कोली मोहल्ला, परदेशीपुरा को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपी नाबालिग हैं, जिनकी पहचान कानून के प्रावधानों के अनुसार सार्वजनिक नहीं की गई है।हीरानगर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील पटेल, उपनिरीक्षक प्रेम सिंह टैगोर सहित पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
