इंदौर | खबर सत्याग्रहइंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र के मालवीय नगर में गरबे के दौरान रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि सेना के रिटायर्ड कर्मचारी नीरज रहाणे ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से तीन फायर किए। इनमें से एक गोली रक्षित चोपड़े के पेट में लगी। घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है।जानकारी के अनुसार, गरबे के दौरान रक्षित चोपड़े वहां से गुजर रहा था। इस दौरान केशव नामक युवक ने उसे जाने से रोक दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद केशव अपने पिता नीरज को मौके पर बुलाकर ले आया। आरोप है कि नीरज ने पहुंचते ही पहले हवा में दो फायर किए और फिर रक्षित पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से रक्षित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस के खोल भी जब्त किए हैं।एडीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी नीरज रहाणे सेना से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में एसबीआई में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। आरोपी की लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली गई है। हथियार का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जा रहा है।गरबे के दौरान हुई इस फायरिंग की घटना ने आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
