इंदौर। शहर के विजय नगर चौराहे पर 44वें दशहरा उत्सव के तहत 61 फीट ऊंचे रावण के पुतले का भव्य दहन किया गया। आयोजन में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रावण दहन के दौरान हुई आकर्षक आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया और पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में नजर आया। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे, जहां आयोजक अंकित यादव ने उनका स्वागत किया। दशहरा उत्सव के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ क्रोध और अहंकार के अंत का संदेश दिया गया।
