इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुमार खाड़ी में मंगलवार रात रावण दहन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, लात-घूंसे चलने लगे। घटना में करीब पांच लोग घायल हुए हैं। विवाद को लेकर एक पक्ष ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल, जबकि दूसरे पक्ष ने आतिशबाजी पर आपत्ति जताने की बात कही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
