
इंदौर | खबर सत्याग्रह
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी स्कूल वैन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी राजकुमार मीणा के खिलाफ कार्रवाई की है। शराब के नशे में मारपीट और स्कूल वैन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(b), 351(3) और 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा धारा 170 BNS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया था। बच्चों से भरी स्कूल वैन को निशाना बनाए जाने की घटना ने उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
