इंदौर।राऊ इलाके में लंबे समय से खुद को हिंदू बताकर रहने वाले मुस्तफा उर्फ ‘गब्बर’ की असलियत सामने आ गई है। आरोपी तिलक, रुद्राक्ष की माला और कलावा पहनकर हिंदू पहचान की आड़ में युवतियों को निशाना बना रहा था। छेड़छाड़ की शिकायत मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।बजरंग दल के जिला मंत्री अनिल पाटिल ने बताया कि सिलिकॉन सिटी स्थित कृष्णा अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 103 में रहने वाले मुस्तफा उर्फ गब्बर के खिलाफ 24 वर्षीय महिला ने छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता उसी अपार्टमेंट में टिफिन सेंटर व कैफे संचालित करती है। आरोप है कि गब्बर करीब 15 दिनों से उससे टिफिन ले रहा था और इस दौरान लगातार अभद्र व्यवहार कर रहा था। वह गंदे इशारे करता, बार-बार फोन कर परेशान करता और दबाव बनाता था। मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर पीड़िता ने बजरंग दल से मदद मांगी।जानकारी के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। कुछ महीने पहले सिलिकॉन सिटी बिल्डिंग के बाहर उसने एक युवक के साथ मारपीट की थी, जिसमें मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2021 में भी उस पर गंभीर आरोप लगे थे। तब उसने हाथ में कलावा, गले में रुद्राक्ष की माला और माथे पर तिलक लगाकर खुद को हिंदू बताकर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास किया था, जिसके बाद वह जेल जा चुका है।जेल से बाहर आने के बाद भी उसने आपराधिक गतिविधियाँ नहीं छोड़ीं। उसने आरके पुजारी के साथ मारपीट की थी क्योंकि पुजारी ने पीड़ित युवती की मदद की थी। कोर्ट में भी उसने युवती को धमकी दी थी, जिसका मामला एमजी रोड थाने में दर्ज है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बजरंग दल ने मांग की है कि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
