इंदौर।शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अनियंत्रित पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को “क्लीन स्वीप” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजबाड़ा, जेल रोड, नॉवल्टी, सराफा, मारोठिया बाजार और डॉलर मार्केट जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के लिए शाम का समय चुना गया, जब बाजारों में सबसे अधिक भीड़ रहती है, ताकि जमीनी स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था का आकलन किया जा सके और अव्यवस्था को दूर किया जा सके।अभियान के दौरान नो-पार्किंग में खड़े दर्जनों वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त कर ट्रैफिक थाने भिजवाया गया। बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही फुटपाथ और सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर लगाए गए अवैध होर्डिंग, स्टैंडी और ठेले भी जब्त किए गए, जिससे पैदल चलने वालों के लिए रास्ता साफ हो सके।व्यापारियों की मिली-जुली प्रतिक्रियास्थानीय व्यापारी हिम्मत सिंह जादौन ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि इससे आवाजाही सुगम होगी और ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी। हालांकि, कुछ व्यापारियों ने मांग की कि प्रशासन आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि व्यापार प्रभावित न हो।डीसीपी ने किया निरीक्षण, हेल्पलाइन जारीडीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार और सुभाष चौक क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी का दुरुपयोग न करें।नागरिकों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 जारी किया है, जिस पर अवैध पार्किंग की शिकायत की जा सकती है।टीआई का बयानट्रैफिक टीआई अरविंद सिंह ने कहा कि बार-बार समझाइश के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, इसलिए यह सख्त कदम उठाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।
