कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग का शहरभर में बड़ा अभियान, कई अवैध आहाते बंद कर सील
(खबर सत्याग्रह)इंदौर। शहर की वाइन शॉप्स के आसपास अवैध रूप से संचालित आहातों और ढाबों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने बुधवार को शहरभर में सघन कार्रवाई करते हुए कई अवैध आहाते बंद कराए और ढाबों को सील किया।बताया जा रहा है कि शहर की लगभग अधिकांश वाइन शॉप्स के आसपास नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से आहातों का संचालन किया जा रहा था। इन स्थानों पर गंदगी, अव्यवस्था और देर रात तक शराबखोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त अभियान शुरू किया।आबकारी विभाग की टीमों ने कल्याण मिल, मालवा मिल, गंगानगर, 140 नंबर, भमोरी, एमआर-11, कनाड़िया, राजमोहल्ला, पलासिया, एमआर-10, परदेशीपुरा, राजेंद्र नगर और सब्जी मंडी सहित कई क्षेत्रों में स्थित वाइन शॉप्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से संचालित आहाते और ढाबे पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कई स्थानों को बंद कर सील कर दिया गया।विशेष रूप से कल्याण मिल क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब दुकान के आसपास संचालित अवैध आहातों पर शिकंजा कसा। इस दौरान मदिरापान से जुड़े कई प्रकरण भी दर्ज किए गए।प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शराब दुकानों के आसपास अवैध आहाते, गंदगी या नियम विरुद्ध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। आबकारी विभाग का यह अभियान देर रात तक जारी रहा और आने वाले दिनों में भी कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात कही गई है।
