कई लोगों के हताहत होने की आशंका, राहत-बचाव कार्य जारी
देवास जिले के टोंककला क्षेत्र में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग के साथ हुए तेज धमाकों ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री से लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।
घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया है। प्रशासन द्वारा फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों की जानकारी जुटाई जा रही है और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
