इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने 21 मई 2026 को हुई सनसनीखेज फायरिंग और हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में हत्या को अंजाम देने वाले दो आरोपियों सहित उन्हें संरक्षण देने वाले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गुलशन यादव ने अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर अभितेंद्र उर्फ अभि तोमर की हत्या की साजिश रची थी।पुलिस के मुताबिक फरियादी अमन राजावत ने बताया कि नवंबर 2024 में भिंड में अभि तोमर और गुलशन यादव के परिवार के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते अभि तोमर करीब एक साल पहले इंदौर आकर कंस्ट्रक्शन का काम करने लगा था। 21 मई की रात करीब 10:20 बजे अमन राजावत अपने दोस्तों के साथ स्कीम नंबर-114 स्थित गुलाब बाग पेट्रोल पंप पर कार में बैठा था। इसी दौरान अभि तोमर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और बातचीत करने लगा। तभी बाइक और स्प्लेंडर से पहुंचे आरोपियों ने अभि तोमर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में अभि तोमर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अमन राजावत को भी हाथ में छर्रे लगे।घायल अभि तोमर को पहले तुलसी अस्पताल और फिर भंडारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में लसूडिया थाना पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी पीयूष गुर्जर और सत्ते उर्फ सत्यवीर जाटव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि गुलशन यादव अपने भाई विष्णु यादव की हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी के चलते सभी आरोपी बॉम्बे हॉस्पिटल के पास एक होटल में रुके और वहीं बैठकर हत्या की योजना बनाई।आरोपियों ने अभि तोमर की तलाश कर गुलाब बाग पेट्रोल पंप के पास उसे घेर लिया। इसी दौरान डीलू उर्फ चंद्रकांत लहरिया ने 315 बोर राइफल से फायर कर अभि तोमर की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग होकर फरार हो गए और भंवरकुआं क्षेत्र में अपने साथी संजू उर्फ गौरव मौर्य के घर पर रुके। पुलिस ने आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में संजू उर्फ गौरव मौर्य, भानु गुर्जर और नरेश चौरसिया को भी गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी1. पीयूष कुमार गुर्जर (18) निवासी ग्राम खेड़ा जवाहर, तहसील फतेहाबाद, जिला आगरा, हाल निवासी विजयनगर इंदौर2. सत्ते उर्फ सत्यवीर जाटव (23) निवासी चंदनपुरा भिंड, हाल निवासी गुलमोहर का बगीचा, चितावद रोड इंदौर3. गौरव उर्फ संजू मौर्य (22) निवासी अटेर रोड चंदनपुरा भिंड, हाल निवासी गुलमोहर का बगीचा, चितावद रोड इंदौर4. नरेश चौरसिया (36) निवासी मिशन का पूरा भिंड, हाल निवासी ब्रिटिश पार्क इंदौर5. भानु सिंह गुर्जर (29) निवासी ग्राम खेड़ा जवाहर, तहसील फतेहाबाद, जिला आगरा, हाल निवासी ब्रिटिश पार्क इंदौरफिलहाल मुख्य आरोपी गुलशन यादव, डीलू उर्फ चंद्रकांत लहरिया और गौरव जाटव फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
