Oplus_131072
ठीकरी बायपास पर हुआ हादसा, 19 यात्री घायल; घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
बड़वानी। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ठीकरी बायपास के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे में बस में सवार कुल 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
