इंदौर के मालवीय नगर में बन रही 60 फीट सड़क का निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में है। निर्माण के दौरान सुंदर नगर क्षेत्र में नर्मदा जल प्रदाय की पाइपलाइन फूट गई, जिससे स्थानीय रहवासियों की चिंता बढ़ गई है।घटना के बाद बड़ी संख्या में रहवासी मौके पर पहुंचे और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि शहर में पहले ही एक दिन छोड़कर नर्मदा का पानी मिलता है, ऐसे में पाइपलाइन फूटने से पेयजल संकट और गहरा सकता है।रहवासियों के अनुसार मंगलवार को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, जबकि बुधवार सुबह इस क्षेत्र में नर्मदा जल सप्लाई निर्धारित है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो सप्लाई शुरू होते ही हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह सकता है।हालांकि संबंधित अधिकारियों ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया है, लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पाइपलाइन रात में ही जोड़ी जाती है या फिर बुधवार को लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ेगा।फिलहाल, रहवासी जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं और जिम्मेदारों की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
