सड़कों पर उमड़ा नदी जैसा पानी; शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव, नगर निगम की मानसून तैयारियों पर उठे सवाल
इंदौर। शहर में लगातार करीब एक घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। फूटी कोठी चौराहा सहित शहर के कई क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।ख़बर सत्याग्रह के पास शहर के विभिन्न इलाकों से जलभराव के वीडियो पहुंचे हैं, जिनमें कई सड़कें नदी जैसी नजर आ रही हैं। जल निकासी नहीं होने से मुख्य मार्गों पर पानी जमा हो गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।हर वर्ष मानसून से पहले नगर निगम द्वारा नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन एक घंटे की बारिश में ही कई क्षेत्रों में जलभराव होने से इन तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।शहरवासी अब नगर निगम से स्थायी समाधान की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि हर बारिश में ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
