मुंबई: बुधवार सुबह से ही मुंबई और उसके पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश हो रही है. कई निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात में व्यवधान हुआ. अंधेरी सबवे में लगभग पांच फीट पानी जमा होने के बाद उसे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया. भारी बारिश के बीच बाबुलनाथ रोड पर MHADA की बिल्डिंग ‘सूर्यप्रकाश’ की तीसरी मंजिल की बालकनी का एक हिस्सा मंगलवार रात गिर गया. नगर निगम ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई.भारी बारिश के चलते लोकल ट्रेन सेवा पर भी असर पड़ा. वेस्टर्न, सेंट्रल और हार्बर लाइन पर उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा में देरी हुई. हार्बर लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) वायर में खराबी के कारण कई लोकल ट्रेनें बीच रास्ते में ही रुक गईं, जिससे हजारों यात्रियों को काफी परेशानी हुई. यह घटना सुबह के व्यस्त घंटों में हुई. कुछ लोकल ट्रेनें बीच रास्ते में ही रुक गईं, जबकि कई दूसरी ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चलीं.
