ट्रांसपोर्टरों ने किया विरोध प्रदर्शन; लसूड़िया थाने के सामने सड़क पर फंसे मालवाहक वाहन, नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी
इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में लसूड़िया थाने के सामने स्थित ट्रांसपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें इन दिनों कीचड़ से लथपथ हैं। स्थानीय ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा डाली गई ड्रेनेज लाइन के निर्माण कार्य के बाद सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर फैले कीचड़ के कारण ट्रक, मालवाहक वाहन और अन्य वाहन लगातार फंस रहे हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय पार्षद राकेश सोलंकी और क्षेत्र के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट को भी फोन किए गए, लेकिन उनकी ओर से कॉल रिसीव नहीं किए गए। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसी से नाराज ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और मालवाहक वाहन चालकों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “नगर निगम मुर्दाबाद”, “नगर निगम होश में आओ” और “हम हमारा हक मांगते, किसी से भीख नहीं मांगते” जैसे नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से तत्काल सड़क की मरम्मत, कीचड़ हटाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
आज मौके से सामने आए वीडियो में सड़क पर फैला कीचड़, उसमें फंसे मालवाहक वाहन, सड़क पर लगा जाम और प्रदर्शनकारियों की नारेबाजी साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रेनेज लाइन डालने के बाद से पूरे क्षेत्र की स्थिति बदहाल बनी हुई है। क्षेत्रवासियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
