इंदौर। शहर में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला निपानिया क्षेत्र की अमृत पैलेस कॉलोनी का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाश एक युवती के हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।जानकारी के अनुसार, युवती कॉलोनी की सड़क पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाश उसके पास पहुंचे और पीछे बैठे आरोपी ने कुछ ही सेकंड में उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।घटना के बाद आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर क्षेत्र के रहवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
