खबर सत्याग्रह | इंदौर इंदौर बायपास का एक वीडियो खबर सत्याग्रह को प्राप्त हुआ है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार रात का है। वीडियो में वाहन क्रमांक MP09 CR 0990 की चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलीं दो युवतियां मोबाइल से वीडियो बनाती नजर आ रही हैं, जबकि चालक तेज रफ्तार में कार चलाता दिखाई दे रहा है।यह वीडियो एक जागरूक नागरिक ने खबर सत्याग्रह को भेजा है। वीडियो भेजने वाले का कहना है कि चलती कार में इस तरह सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि कार में सवार लोग किसी नशे की हालत में थे या नहीं, लेकिन उनका व्यवहार बेहद लापरवाही भरा प्रतीत हो रहा था। इसी कारण उन्होंने यह वीडियो खबर सत्याग्रह को भेजा, ताकि संबंधित विभाग तक मामला पहुंचे और समय रहते इस पर संज्ञान लिया जा सके।चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाना न केवल यातायात नियमों की अनदेखी है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान कर इंदौर पुलिस मामले का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की खतरनाक हरकत कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने का साहस न कर सके तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो।
