
इंदौर। खजराना थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी मंदसौर से ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में बेचता था। फिलहाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाघेला गार्डन के पास बायपास पर एक युवक ब्राउन शुगर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 110 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकिशन उर्फ रामनिवास गिरी (28) निवासी ग्राम काटिया, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। वह आठवीं तक पढ़ा है और खेती करता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं नशे का आदी है। नशे की लत और अधिक पैसे कमाने के लालच में वह मंदसौर के कोटड़ी क्षेत्र से कम कीमत पर ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में ऊंचे दामों पर बेचता था।थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि ब्राउन शुगर के सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
