इंदौर। छात्रवृत्ति, छात्रावास और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने भंवरकुआ चौराहे स्थित टंट्या भील प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्र धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना था कि छात्रवृत्ति समय पर नहीं मिलने और छात्रावास जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि कई छात्र आर्थिक परेशानियों के कारण उच्च शिक्षा छोड़ने को मजबूर हैं।आंदोलनकारियों ने यह भी कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंद विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
