इंदौर। हीरा नगर थाना क्षेत्र के न्याय नगर पुल के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक कॉलेज छात्रा ने चलती रैपिडो बाइक से उतरकर चालक पर गंभीर आरोप लगाए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चौराहे पर हंगामा शुरू हो गया।मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, छात्रा ने शाम के समय बॉम्बे अस्पताल क्षेत्र से रैपिडो बुक की थी। रास्ते में विजय नगर क्षेत्र से गुजरते समय उसे किसी बात पर संदेह हुआ। इसके बाद न्याय नगर पुल के पास पहुंचते ही उसने बाइक रुकवाई और चालक पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामे की सूचना मिलते ही छात्रा के दोस्त भी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद उसके परिजन भी वहां आ गए। लोगों का कहना है कि परिजनों ने आते ही रैपिडो चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और पुलिस से भी अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ ने “जय श्री राम” के नारे भी लगाए।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। छात्रा ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस ने रैपिडो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि छात्रा प्रतिष्ठा (Prestige) कॉलेज की छात्रा है। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घटना के समय छात्रा नशे की हालत में थी और उसने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
