लद्दाख के कारगिल और जम्मू-कश्मीर की गुरेज़ घाटी में मूसलाधार बारिश और बादल फटने के कारण अचानक आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। कारगिल के करकिचू, बुदगाम और चोसकोर गांवों में कई मकान, सड़कें, वाहन और फसलें बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं।हालांकि राहत की बात यह रही कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वयंसेवकों की त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 25 जुलाई तक क्षेत्र में भारी बारिश और अचानक बाढ़ की आशंका के मद्देनुसार हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
