धार। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गणपति घाट पर प्याज से भरे एक ट्राले में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ट्राले से धुआं उठने लगा और आग ने वाहन के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझाए जाने से ट्राले में लदा प्याज पूरी तरह आग की चपेट में आने से बच गया और आसपास खड़े अन्य वाहनों तक आग फैलने का खतरा भी टल गया।गणपति घाट का यह मार्ग भारी वाहनों की आवाजाही और ढलान के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में चलते ट्राले में आग लगने की घटना ने कुछ देर के लिए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
