इंदौर। खजराना क्षेत्र में बुधवार को ताज नगर शासकीय उर्दू माध्यमिक विद्यालय परिसर में नए भवन के निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया, उनके साथ भी विकास कार्यों में कभी भेदभाव नहीं किया गया।हार्डिया ने कहा, “काम तो खूब कराता हूं, लेकिन लोग वोट देते नहीं। अपने मन पर हाथ रखकर देखिए, जितना काम होता है, उतना ही वोट मिलता है। वोट काम के आधार पर होना चाहिए।”मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह जनता की अपनी पार्टी है और काम करने वाले व्यक्ति का साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके सामने कांग्रेस सहित अन्य दलों के उम्मीदवार भी हैं, लेकिन वे लगातार क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल होने का प्रयास करते हैं।‘वोट नहीं दिया, फिर भी विकास में भेदभाव नहीं किया’विधायक ने कहा कि किसी व्यक्ति ने उन्हें वोट दिया है या नहीं, इससे उसके अधिकार और उनके कर्तव्य में कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। खजराना क्षेत्र के लोग इलाज सहित अन्य समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं तो जरूरत के अनुसार अस्पताल या अन्य चिकित्सा सुविधाओं के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।1.63 करोड़ से बनेगा नया विद्यालय भवनवार्ड 39 के ताज नगर शासकीय उर्दू माध्यमिक विद्यालय परिसर में 1.63 करोड़ रुपए की लागत से हिंदी माध्यम विद्यालय के नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। विधायक हार्डिया ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से विद्यालय को हिंदी माध्यम की मान्यता दिलाने और इसे कक्षा 10वीं तक किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्र के रहवासियों और पार्षद रुबीना इकबाल खान की ओर से लंबे समय से विद्यालय में हिंदी माध्यम की कक्षाएं शुरू करने और स्कूल को 10वीं तक किए जाने की मांग की जा रही थी।कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पार्षद रुबीना खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान हाजी मोहम्मद इकबाल खान ने आरआई-2 रोड पर स्वीकृत पानी की टंकी का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग रखी। महापौर और विधायक ने शीघ्र निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया।
