इंदौर। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने बड़ा दावा किया है। कांग्रेस के अनुसार, कार्यक्रम के लिए पिछले 24 घंटे में 50 हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पार्टी का दावा है कि अब तक डेढ़ लाख से अधिक युवा पंजीयन करा चुके हैं।रजिस्ट्रेशन में हुई बढ़ोतरी पर बुधवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परदेशीपुरा चौराहे पर आतिशबाजी कर जश्न मनाया और मिठाई बांटी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और युवा भी मौजूद रहे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने युवाओं के बढ़ते जुड़ाव को लेकर खुशी जताई।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों में सरकार के प्रति बढ़ता असंतोष रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में युवाओं के जुड़ने से भाजपा में भी हलचल है।छात्रों की आवाज उठाने का दावाशहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सत्र के दौरान राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया था। इससे छात्रों में यह उम्मीद बनी है कि राहुल गांधी के माध्यम से उनकी समस्याएं भी सामने आएंगी।चौकसे ने कहा कि भाजपा की दिल्ली और भोपाल सरकार के रवैये को लेकर छात्रों में नाराजगी है। कांग्रेस विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी नाराजगी को सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।
