जंगल-पहाड़ों में छिपी गांजे की खेती पर पुलिस का धावा, 27 क्विंटल से ज्यादा फसल जब्त
बड़वानी। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 क्विंटल से अधिक अवैध गांजे की फसल जब्त की है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।कार्रवाई ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत थाना वरला क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी और जंगल इलाकों में की गई। अभियान में बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने वरला थाना क्षेत्र के 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया।ड्रोन से तलाश, जवानों ने जंगल में पैदल खंगाले इलाकेदुर्गम क्षेत्रों में गांजे की खेती का पता लगाने के लिए पुलिस ने ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही जवानों ने पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली।सर्चिंग के दौरान डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के दूरस्थ जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में गांजे की खेती किए जाने वाले 5 खेतों का पता चला।इन खेतों से पुलिस ने 26 हजार से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 27 क्विंटल से ज्यादा बताया गया है।वन भूमि पर हो रही थी गांजे की खेतीपुलिस के मुताबिक जिन खेतों से अवैध गांजे की फसल बरामद हुई, वे वन भूमि पर स्थित पाए गए हैं। अब वन विभाग से संबंधित पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी सामने आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
