नीमच। नीमच-मंदसौर मार्ग पर जमुनिया कला के समीप राजस्थानी ढाबे के पास सोमवार को निजी बस और राजस्थान रोडवेज बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में निजी बस में सवार करीब 6 से 7 यात्रियों को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार राजस्थान रोडवेज की कोटा डिपो की बस नीमच से मंदसौर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही पंचोली निजी बस ने रोडवेज बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसें क्षतिग्रस्त हो गईं और एक बस डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी ओर चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित कराया। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान आगे चल रही रोडवेज बस के रुकने अथवा गति कम करने के दौरान पीछे से आ रही निजी बस उससे जा भिड़ी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
