इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और राहुल गांधी की टीम के बीच हुई कथित नोकझोंक को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। वर्मा ने अधिकारी के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा, “अदना सा अधिकारी खुद को सिंघम समझ रहा है… तेरे बाप का कार्यक्रम नहीं, राहुल गांधी का कार्यक्रम है।” उन्होंने यह भी कहा कि “कई सिंघम आए और चले गए, ये इंदौर है प्यारे इंदौर।” वर्मा ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान अधिकारी मंच पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों की संख्या को लेकर सवाल कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान हुई कथित नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और नोकझोंक की वजह को लेकर संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।
