इंदौर। स्कीम नंबर 140 के पास आज नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण और मकानों को हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों की ओर से पथराव किए जाने की सूचना सामने आई, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।
नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ यहां कार्रवाई के लिए पहुंची थी। बताया जा रहा है कि आरई-2 सड़क निर्माण में बाधक बन रहे 300 से अधिक मकानों और निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों ने विरोध जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई।
विरोध के बीच स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। पथराव के बाद पुलिस ने लाठियां चलाकर भीड़ को पीछे हटाया। फिलहाल मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद है तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
