बिहार के भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर मोबाइल छीनने के कथित प्रयास का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया और चलती ट्रेन की खिड़की से उसका हाथ पकड़े रखा। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के दौरान युवक हवा में लटकता रहा। बाद में हाथ छूटने से वह प्लेटफॉर्म पर जा गिरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, घटना सोमवार को अप साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टेशन से रवाना होने के दौरान हुई। आरोप है कि युवक ने ट्रेन की खिड़की के रास्ते यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास किया था। यात्रियों ने उसे पकड़ लिया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने उसकी जान को खतरे में डाल दिया।
मोबाइल चोरी का आरोप, लेकिन सजा देने का अधिकार किसे?
घटना के बाद यात्रियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। मोबाइल छीनने का प्रयास अपराध है और इसकी शिकायत रेलवे पुलिस से की जानी चाहिए। लेकिन किसी संदिग्ध को चलती ट्रेन से लटकाना या उसकी जान जोखिम में डालना भी गंभीर मामला हो सकता है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, युवक की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। उसे अस्पताल ले जाने के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था की जा रही थी, तभी वह वहां से चला गया।
